ऋषिकेश नगर निगम ने निराश्रित गोवंश को पहुंचाया गौशाला

ऋषिकेश। नगर निगम प्रशासन ने नगर क्षेत्र की सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। निगम की ओर से विशेष अभियान चलाकर निराश्रित गोवंश को उठाकर गौशाला/नंदीशाला में भेजा जा रहा है।
अभियान के पहले चरण में लगभग 178 निराश्रित गोवंश को सुरक्षित रूप से गौशाला में पहुंचाया गया। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर की मुख्य सड़कों पर गोवंश के घूमने से जहां यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती थी। इस कार्यवाही से आम नागरिकों को राहत मिलेगी और साथ ही निराश्रित गोवंश को भी उचित देखभाल और आश्रय उपलब्ध कराया जा सकेगा।
ऋषिकेश महापौर ने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और चरणबद्ध तरीके से शेष निराश्रित गोवंश को भी गौशालाओं में शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही गौशाला में इनके भोजन, पानी और स्वास्थ्य देखभाल की विशेष व्यवस्था की गई है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और पशुओं को भी सुरक्षित ठिकाना मिल सकेगा।