स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कर मनाया विश्व पृथ्वी दिवस

ऋषिकेश।मॉडर्न इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, ढालवाला, में विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष में स्वयं एवं सामाजिक विकास इकाई (एसएसडी इकाई) द्वारा स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण का कार्य किया गया।आपको बता दे आयोजित कार्यक्रम के दोरान संस्थान निदेशक रवि जुयाल ने बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने हेतु अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि हर साल पृथ्वी दिवस 22 अप्रैल को मनाया जाता है। पूरे विश्व में भारत सहित लगभग 195 से अधिक देश पृथ्वी दिवस मनाते हैं। धरती के संरक्षण से जुड़े इस दिवस को मनाने की शुरुआत सबसे पहले सन 1970 में हुई थी। सबसे पहले अमेरिकी सीनेटर जिलेट नेल्सन ने पर्यावरण की शिक्षा के तौर पर इस दिन की शुरुआत की थी।
एसएसडी यूनिट के कोऑर्डिनेटर डॉ0 सुनील कुमार सिंह ने पृथ्वी दिवस को अत्यधिक महत्वपूर्ण बताया क्योंकि ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते दबाव से समूचे पर्यावरण पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। डॉ0 सिंह के अनुसार पृथ्वी दिवस जीवन संपदा को बचाने एवं पर्यावरण को ठीक रखने में लोगों को जागरूक करने का कार्य करता है।
डॉ0 कमलेश कुमार भट्ट ने बताया कि अनियंत्रित मानव जनसंख्या वृद्धि ने प्राकृतिक संसाधनों पर अनावश्यक बोझ डाला है और ऐसी परिस्थिति में संसाधनों के सही इस्तेमाल एवं रख रखाव के लिए पृथ्वी दिवस जैसे कार्यक्रम का महत्व बढ़ गया है।
बीएससी बायोटेक्नोलॉजी के छठवें सेमेस्टर के छात्र छात्राओं ने सर्व प्रथम सफाई अभियान चलाया, तदोपरांत उन्होंने विभिन्न प्रजाति के पौधों को वृक्षारोपित कर उनमें पानी डाला। छात्रों तथा एसएसडी यूनिट के स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान को संस्थान निदेशक ने सराहनीय कार्य बताया।कार्यक्रम में बीएससी बायोटेक्नोलॉजी के छठवें सेमेस्टर के छात्र, विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर अश्वनी कुमार, आशीष गुप्ता आदि शामिल थे।