मुख्यमंत्री ने किया ₹185.20 करोड़ से बनने वाले शारदा कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण का शुभारंभ
1 min read

“शारदा कॉरिडोर — आस्था, धरोहर और विकास का संगम” : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
टंनकपुर / हरिद्वार, 24 अक्टूबर 2025 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को शारदा घाट, टनकपुर में आयोजित कार्यक्रम में ₹185.20 करोड़ से बनने वाले शारदा कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना हमारी आस्था, सांस्कृतिक धरोहर और सतत विकास का केंद्र है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शारदा कॉरिडोर का उद्देश्य बनबसा से माता रंकोची तक की घाटी को धर्म, प्रकृति और रोजगार के सुंदर संगम के रूप में विकसित करना है। यह क्षेत्र अब केवल आस्था का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन में आर्थिक समृद्धि और रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।
इस परियोजना के प्रथम चरण में शारदा नदी के तट को पर्यावरण-संवेदनशील, स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। इनमें सुरक्षित स्नान घाट, आरती स्थल, स्वच्छता एवं विश्राम की सुविधाएँ, सुगम पहुँच मार्ग, पैदल पथ, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्य शामिल हैं। आरती स्थल अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक से निर्मित होगा, जिसमें रेनवाटर हार्वेस्टिंग और फ्लोर कूलिंग जैसी आधुनिक सुविधाएँ होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना धार्मिक पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान देगी। परियोजना क्षेत्र में वन भूमि और राजस्व भूमि शामिल हैं, जिनके भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया वन विभाग और यूआईआईडीबी के माध्यम से प्रगति पर है।
प्रमुख कार्यों में शामिल हैं:
किरोड़ा नाला पारिस्थितिक कॉरिडोर (₹109.57 करोड़) – जैव विविधता संरक्षण और आपदा प्रतिरोध क्षमता बढ़ाने हेतु।
सिटी ड्रेनेज योजना – चरण 1 (₹62.11 करोड़) – शहरी जल निकासी प्रणाली सुदृढ़ कर बाढ़ नियंत्रण एवं वर्षा जल प्रबंधन।
थाक गाँव तक वैकल्पिक मार्ग (₹5.34 करोड़) – तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम पहुँच मार्ग।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा कॉरिडोर परियोजना जन-सहभागिता, पारदर्शिता और पर्यावरणीय संतुलन के साथ विकसित की जाएगी। यह क्षेत्र न केवल आस्था और परंपरा का केंद्र बनेगा, बल्कि प्राकृतिक और सांस्कृतिक शिक्षा का भी प्रतीक होगा।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




