विद्यालय के नन्हे छात्र-छात्राओं ने रोपे स्कूल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे
1 min read
ऋषिकेश दिनांक 15 जुलाई 2025 हरेला पर्व पर एनजीए में नन्हें हाथों ने बोया हरियाली का संदेश, पर्यावरण रैली से गूंजी चेतना की पुकार,उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरणीय चेतना को आत्मसात करते हुए निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी (एनजीए), खैरीं कलां में आज हरेला पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।यह पर्व केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ाव और धरती को हरित बनाए रखने की सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता शर्मा एवं हेडमिस्ट्रेस श्रीमती अमृत पाल डंग द्वारा की गई। उन्होंने विद्यार्थियों को हरेला पर्व की ऐतिहासिक और पर्यावरणीय महत्ता से अवगत कराया। शिक्षिकाओं ने बताया कि हरेला पर्व देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, कृषि समृद्धि और हरियाली के प्रति श्रद्धा का उत्सव है।
इस मौके पर विद्यालय के नन्हे छात्र-छात्राओं ने शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में स्कूल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। बच्चों ने इन पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
हरेला पर्व के उपलक्ष्य में एनजीए एवं निर्मल नेत्र संस्थान परिसर में एक भव्य रैली का आयोजन भी किया गया। इस रैली में नन्हे छात्र-छात्राओं ने रंग-बिरंगे पोस्टर, नारों और हाथों में पर्यावरण संदेश लिए मार्च किया। रैली का उद्देश्य आमजन को हरियाली बचाने, पेड़ लगाने, प्लास्टिक से बचने और पृथ्वी को हरा-भरा रखने की प्रेरणा देना था। रैली के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का आह्वान किया और सभी को जागरूक होने का संदेश दिया।
इस मौके पर एनजीए प्रशासनिक अधिकारी श्री विनोद कुमार, विद्यालय समन्वयक सोहन सिंह कैन्तूरा, परीक्षा नियंत्रक श्रीमती सरबजीत कौर, खेल प्रशिक्षक दिनेश पैन्यूली, श्रीमती पूनम चौहान, अभिषेक रागंड़, श्रीमती स्मिता गर्ग, श्रीमती ममता पंवार, श्रीमती सुनीता नेगी, श्रीमती सुनीता आहूजा, स्कूल कप्तान बलिहार सिंह, तथा खेल कप्तान अकांक्षा गुरूंग आदि शामिल रहे।