सी.बी.एस.ई. सहोदय फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 का समापन समारोह सम्पन्न
1 min read
*अंडर-15 वर्ग में डी.एस.बी. और अंडर-18 वर्ग में एन.डी.एस. रही विजेता
ऋषिकेश, 15 अक्टूबर 2025।परम श्रद्धेय, दया एवं करुणा की मूर्ति विद्यालय के संस्थापक महंत बाबा राम सिंह महाराज तथा व्यवस्थापक संत जोध सिंह महाराज के अतुलनीय आशीर्वाद की छत्रछाया में निर्मल आश्रम दीपमाला पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय सी.बी. एस.ई. सहोदय फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 का समापन समारोह बुधवार को हर्षोल्लासपूर्वक सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत समस्त शक्तियों के दाता परमपिता परमेश्वर के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा शब्द-गायन से की गई। मुख्य अतिथि वीर सिंह (राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं कोच, उत्तराखंड पुलिस टीम) तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ललिता कृष्णास्वामी द्वारा औपचारिक परिचयोपरांत अंडर-15 और अंडर-18 फाइनल मैचों का शुभारंभ किया गया।
यह प्रतियोगिता सी.बी.एस.ई. सहोदय संगठन के तत्वावधान में तथा श्री राम हिमालयन यूनिवर्सिटी के सहयोग से आयोजित हुई। इसमें देहरादून जनपद के विभिन्न विद्यालयों से अंडर-15 वर्ग में 13 तथा अंडर-18 वर्ग में 16 टीमों ने भाग लिया।
दोनों वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अंडर-15 में डी.एस.बी. और एन.डी.एस. के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। मैच निर्धारित समय तक गोलरहित रहा, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में डी.एस.बी. ने 6-4 से बढ़त बनाकर खिताब अपने नाम किया।अंडर-18 वर्ग में एन.डी.एस. ने शानदार प्रदर्शन करते हुए होराइजन स्कूल को 3-0 से पराजित कर विजय प्राप्त की।
समापन समारोह में विद्यालय के व्यवस्थापक संत जोध सिंह महाराज ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए।
अंडर-15 में सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार पीयूष सयाना (डी.एस.बी.) तथा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार एकलव्य (एन.डी.एस.) को प्रदान किया गया।अंडर-18 वर्ग में सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर अक्षत राजभर (एन.डी.एस.) और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी ऋषभ नेगी (एन.डी.एस.) घोषित किए गए।
निर्णायक मंडल में विभिन्न विद्यालयों से आए सत्येंद्र चौहान (ओंकारानंद सरस्वती निलयम), रिवाइक चौहान (सत्येश्वरी देवी मेमोरियल स्कूल), वासु कुमार यादव (संपत्ति देवी पब्लिक स्कूल, रायवाला) एवं रोहित राणा का विशेष सहयोग रहा।
समारोह के दौरान परम श्रद्धेय संत जोध सिंह महाराज ने मुख्य अतिथि वीर सिंह सहित सभी अतिथियों को सिरोपा, स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया।विद्यालय के खेल प्रशिक्षक विनोद कुमार, सुश्री निर्मला रावत, गौरव त्रिपाठी एवं अक्षय कुमार सहित अन्य विद्यालयों से आए प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि वीर सिंह ने अपने प्रेरक संबोधन में विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी तथा सभी को खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, “खेल न केवल हमें शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त बनाते हैं और जीवन में संतुलन स्थापित करने में सहायक होते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ललिता कृष्णास्वामी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, आयोजकों एवं निर्मल दीप परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डी.एस.बी. विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव सहगल, एन.जी.ए. की प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता शर्मा, डी.पी. रतूड़ी, ओम प्रकाश गुप्ता, होराइजन स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती नम्रता शर्मा, वरिष्ठ फुटबॉलर आत्माराम रतूड़ी एवं भरत सिंह, श्री राम हिमालयन यूनिवर्सिटी से अभिषेक शर्मा, अमन शर्मा, कवि सुंदरियाल, मीडिया हेड (एस.आर.एच.यू.) अभिषेक सक्सेना, विद्यालय के चेयरमैन डॉ. एस.एन. सूरी, समन्वयक मुकुल तायल, श्रीमती नीरू अरोड़ा, शम्मी पैन्यूली, अमन भारद्वाज, संदीप आदि उपस्थित रहे।
समारोह का समापन परम श्रद्धेय संत जोध सिंह महाराज द्वारा दीपावली के शुभ अवसर पर प्रसाद स्वरूप मिष्ठान्न वितरण के साथ हुआ।